झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के गोंदू कंपाउंड में भाई-बहन पर चाकू से हमला करने वाले मुख्य आरोपी ने अपने साथी के साथ सूने मकानों में चोरी की योजना बनाई थी। पकड़े गए मुख्य आरोपी से पूछताछ के बाद उसके साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं।
बृहस्पतिवार दोपहर थाना सीपरी बाजार के गोंदू कंपाउंड निवासी पुष्पेंद्र जैन के घर पर उनकी 8 वर्षीय पुत्री एना जैन व 6 वर्षीय पुत्र आदी जैन अकेले थे। दोपहर करीब 12 बजे मेहमान बनकर पहुंचा युवक अंदर आ गया था। इसके बाद एना व आदी पर चाकू से हमला कर दिया था। एना के चिल्लाने पर युवक धक्का देकर भाग निकला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर युवक की तलाश शुरू कर दी थी। घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक कैद हो गया था। एक अन्य साथी घर से काफी दूर खड़ा था। वह भी मौके से भाग निकला था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी थाना सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित मैला की टौरिया निवासी कन्हैया उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में पता चला है कि होली के मद्देनजर इलाके के सूने मकानों में चोरी की योजना थी। रैकी करते समय पुष्पेंद्र जैन के बच्चे अकेले नजर आने के बाद लूटपाट की योजना बनाते हुए घर में घुस गए। पुलिस मुख्य आरोपी के साथी की तलाश कर रही है।