झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में 22 मार्च तक के लिए कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। कोरोना वायरस को लेकर शासन की ओर से दिए गए निर्देश के मद्देनजर विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के लिए निर्देश जारी किए हैं। इसमें विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध महाविद्यालयों में 22 मार्च तक कक्षाएं स्थगित करने, यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में पूर्व निर्धारित परीक्षाएं पहले की तरह चलने, नवीन अथवा प्रस्तावित परीक्षाओं का आयोजन अगले आदेश तक स्थगित रखने के लिए कहा गया है। इसके अलावा केंद्राध्यक्ष को परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखने और कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए केंद्र पर उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
संस्थानों, इकाइयों, कॉलेजों में प्रशिक्षण बंद करने के निर्देश
झांसी। कोरोना वायरस के फैलाव के कारण प्रदेश के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों, संबंधित इकाइयों, निजी डीएलएड कॉलेज में चल रहे प्रशिक्षणों को बंद करने के निर्देश दे दिए गए हैं। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के निदेशक डॉ. सर्वेन्द्र विक्रम बहादुर सिंह ने सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्यों को पत्र लिखकर यह निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 14 से 22 मार्च तक प्रदेश में सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों, इकाइयों आदि में डीएलएड, बीटीसी प्रशिक्षुओं व अन्य प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण बंद कराया जाए। वहीं, कोरोना वायरस से बचाव संबंधी पोस्टर को हर संस्थान, इकाइयों में दो प्रमुख स्थानों पर लगाया जाए।