अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। टीकमगढ़ में एक युवक ने प्रेमिका को सरेआम गोली मारी दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। युवक ने प्रेमिका को बातचीत के लिए रेस्टोरेंट बुलाया था। इसी दौरान हुए विवाद में युवक ने फायर झोंक दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल युवती का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। यहां हालत नाजुक बनी हुई है।
टीकमगढ़ के सिविल लाइन स्थित रेस्टोरेंट में मंगलवार की दोपहर तकरीबन ढाई बजे एक युवक और युवती बैठकर बातचीत कर रहे थे। कुछ देर बात दोनों के बीच विवाद होने लगा। युवक कपिल तिवारी ने फायर झोंक दिया। गोली युवती के सीने में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ी। वारदात को अंजाम देने के बाद युवक ने मौके से भागने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उसे दबोच लिया।
सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। लोगों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया, उसके पास से देसी तमंचा बरामद किया गया। युवती को आनन-फानन उपचार के लिए टीकमगढ़ के जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर वहां से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना के बारे में टीकमगढ़ के एसपी मनोहर मंडलोई ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था लेकिन कुछ दिनों से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। आरोपी युवक कपिल ने युवती को मिलने के लिए बुलाया था। शादी की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान आरोपी ने देसी कट्टे से युवती को गोली मार दी।
0000
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर झांसी लाई गई एंबुलेंस
मकर संक्रांति के चलते मंगलवार को ओरछा में लोगों की भारी भीड़ जमा थी। सड़कों पर भी जाम की स्थिति बनी हुई थी। ऐसे में प्रशासन के लिए समय पर युवती को झांसी मेडिकल कॉलेज लाना चुनौती बनी थी। इससे निपटने के लिए निवाड़ी प्रशासन ने ओरछा में यातायात रोककर ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। इसके बाद एंबुलेंस को गुजारा गया। प्रशासन के इस प्रयास से ओरछा से झांसी मेडिकल कॉलेज एंबुलेंस महज 10 मिनट के भीतर पहुंच गई।