आचार संहिता खत्म होते ही जेडीए, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई कराएगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। आचार संहिता खत्म होते ही झांसी में विकास का पहिया दौड़ेगा। झांसी में जेडीए, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई द्वारा 328 करोड़ के काम कराए जाएंगे। इसमें रिंग रोड, फ्लाईओवर से लेकर सड़कों का चौड़ीकरण तक शामिल है।
पीडब्ल्यूडी द्वारा 39 करोड़ से 13 किलोमीटर लंबे बरुआसागर-टहरौली-भस्नेह मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके अलावा लगभग 20 करोड़ से सड़कों का नवीनीकरण, गड्ढामुक्त करने का काम होगा। चौराहों का सुदृढ़ीकरण और साइनेज लगाने का भी काम होगा। वहीं, झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा आचार संहिता खत्म होने के बाद रिंग रोड बनाने का काम किया जाएगा। लगभग 10 करोड़ से झरना गेट के सौंदर्यीकरण का काम होगा। इसके अलावा ग्वालियर रोड पर नहर के पास से गरियागांव, बल्लमपुर से बिजौली को जोड़ते हुए ये रिंग रोड बनाई जानी है। इसके अलावा बूढ़ा से भोजला मार्ग का चौड़ीकरण भी किया जाएगा। जेडीए द्वारा मेडिकल कॉलेज में मल्टीलेवल पार्किंग भी बनाई जाएगी। कुछ अन्य सड़कों का चौड़ीकरण व नई सड़कें बनाने का काम भी होगा। इन सब पर 75 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होंगे। जेडीए द्वारा शासन से बजट की मांग की जाएगी। इन सभी का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा नगर निगम द्वारा भी शहर भर के वार्डों में 6.14 करोड़ के कामों के टेंडर खोले जाने बाकी हैं। आचार संहिता की वजह से रुके हुए हैं। ज्यादातर काम सड़कों की मरम्मत के हैं। पांच जून के बाद ये काम भी हो सकेंगे। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग का भी आठ करोड़ रुपये बजट नगर निगम को मिला है। ये पैसा भी सड़क आदि पर खर्च किया जाएगा।
................................................................
163 करोड़ से दो फ्लाईओवर बनवाएगा एनएचएआई
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) झांसी कानपुर हाईवे पर फ्लाईओवर बनाएगा। मेडिकल कॉलेज बाईपास तिराहा पर इसका निर्माण कराया जाएगा। एनएचएआई ने इसका डिजाइन तैयार कर लिया है। फोर लेन के साथ इसकी लंबाई 960 मीटर रहेगी। निर्माण में करीब 33 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, झांसी-ग्वालियर हाईवे पर भी फ्लाईओवर का निर्माण होगा। इसके लिए सेना ने हरी झंडी दिखा दी है। सेना की एनओसी न मिल पाने से लगभग 22 साल से ये काम रुका था। इस पर खर्च करीब 130 करोड़ रुपये आंका गया है।
..........................................................
7.59 करोड़ से पीडब्ल्यूडी ये काम भी कराएगा
..........................................................
- पूंछ-गुरसरांय-टीकमगढ़ मार्ग का 2.15 करोड़ से नवीनीकरण होगा।
- मऊरानीपुर-गरौठा मार्ग को 2.15 करोड़ से ठीक किया जाएगा।
- कटेरा-बंगरा-उल्दन मार्ग को 2.13 करोड़ से दुरुस्त किया जाएगा।
- पड़रा-कटेरा मार्ग का 71.32 लाख से नवीनीकरण होगा।
- गरौठा-मोतीकटरा-कुछैछा मार्ग का 45.13 लाख से सुदृढ़ीकरण होगा।
वर्जन..
झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा झरना गेट के सौंदर्यीकरण, सड़कों का चौड़ीकरण आदि कार्य कराए जाएंगे। आचार संहिता हटते ही बजट मिलने पर ये काम शुरू होंगे। - आलोक यादव, उपाध्यक्ष, जेडीए।
आचार संहिता खत्म होते ही सभी वार्डों में छह करोड़ से सड़क आदि बनाने का काम शुरू होगा। 15वें वित्त आयोग के आठ करोड़ बजट से भी विकास कार्य कराए जाएंगे। - सत्य प्रकाश, नगर आयुक्त।