पदों के सृजन के लिए बनी कमेटी की रिपोर्ट तैयार, शासन को मंजूरी के लिए भेजेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई पैरामेडिकल कॉलेज में शिक्षकों के पदों के सृजन के लिए शासन स्तर से बनाई गई कमेटी ने रिपोर्ट तैयार कर ली है। इसे एक-दो दिन में शासन को मंजूरी के लिए भेज दिया जाएगा। फिर जल्द ही कॉलेज में 48 नए शिक्षकों की तैनाती हो जाएगी। इससे 2025 में तीन नए पैरामेडिकल कोर्स शुरू होने का भी रास्ता साफ हो गया है।
प्रदेश में दो ही राजकीय पैरामेडिकल कॉलेज हैं। इसमें कन्नौज तो दूसरा झांसी में है। झांसी में वर्ष 2014 में 400 करोड़ से पैरामेडिकल कॉलेज बनकर तैयार हुआ था। हालांकि, शुरू में यहां डिप्लोमा कोर्स संचालित होते थे। 2018 में पहली बार बीएससी नर्सिंग डिग्री कोर्स शुरू हुआ। चार साल बाद बैचलर इन मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी कोर्स शुरू करने की मंजूरी मिली। 2023 में शासन ने बैचलर इन फिजियोथेरेपी और बैचलर इन मेडिकल लैबरेट्री साइंस कोर्स शुरू करने की मंजूरी दे दी। इन कोर्सों में तीन-तीन शिक्षकों की ही तैनाती थी। पिछले साल शासन ने बीएससी इन ऑपरेशन थिएटर एंड एनेस्थीसिया टेक्नोलॉजी, बैचलर्स ऑफ ऑप्ट्रोमेट्री और बैचलर्स इन ऑडियोलॉजी एंड स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजी कोर्स शुरू करने की भी मंजूरी दे दी मगर इन कोर्सों में शिक्षकों के पदों का सृजन न होने से प्रवेश शुरू नहीं हो पाए।
शासन स्तर से इन सभी छह कोर्सों में पदों का सृजन करने के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। अब कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली, जिसे एक-दो दिन में शासन को मंजूरी के लिए भेज दिया जाएगा। शासन की मंजूरी के बाद पैरामेडिकल कॉलेज में प्रिंसिपल, प्रोफेसर से लेकर असिस्टेंट प्रोफेसर तक 48 नए शिक्षकों के पदों का सृजन हो जाएगा।
पाठ्यक्रम का नाम सीट प्रिंसिपल/डीन आचार्य सह आचार्य सहायक आचार्य
बैचलर्स इन मेडिकल लेबोरेट्री साइंसेज 30 एक एक दो पांच
बैचलर्स इन मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी 30 एक एक दो पांच
बैचलर्स ऑफ फिजियोथेरेपी टेक्नोलॉजी 30 एक एक चार छह
बीएससी इन ऑपरेशन थिएटर एंड एनेस्थीसिया टेक्नोलॉजी 30 एक एक दो पांच
बैचलर्स ऑफ ऑप्ट्रोमेट्री 30 एक एक दो पांच
बैचलर्स इन ऑडियोलॉजी एंड स्पीच लैंग्वेज पैथोलॉजी 30 एक एक दो पांच
(नोट: शुरुआती तीन कोर्सों में पहले से आचार्य, सह आचार्य और सहायक आचार्य का एक-एक पद सृजित होने पर तैनाती है।)
वर्जन..
रानी लक्ष्मीबाई पैरामेडिकल कॉलेज के छह कोर्सों में शिक्षकों के पदों के सृजन के लिए शासन ने पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। इसे शासन की मंजूरी के लिए भेजा जा रहा है। - डॉ. अंशुल जैन, निदेशक, पैरामेडिकल कॉलेज