- महिलाओं ने कब्जा जमाने की फिराक में तोड़ी यात्री प्रतीक्षालय की दीवार
संवाद न्यूज एजेंसी
टोड़ी फतेहपुर। बुंदेलखंड पैकेज के अंतर्गत ग्राम पंडवाहा में टोड़ी फतेहपुर तिराहे पर लाखों रुपये की लागत से बनाया गया यात्री प्रतीक्षालय प्रशासनिक उदासीनता और स्थानीय जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। यह प्रतीक्षालय अब उपयोग की बजाय उपेक्षा का प्रतीक बन गया है।
यात्री प्रतीक्षालय में गंदगी व्याप्त है, और आसपास के कुछ अतिक्रमणकारी उस पर कब्जा जमाने की फिराक में हैं। ऐसी स्थिति में यात्रियों के लिए इसका उपयोग करना मुश्किल हो गया है। प्रतीक्षालय के पीछे की दीवार के पास ही रहने वाली कुछ महिलाओं द्वारा जानबूझकर दीवार तोड़ी गई है, ताकि प्रतीक्षालय का ढांचा धीरे-धीरे पूरी तरह से ध्वस्त हो जाए।
मातादीन अहिरवार, बुदु खां, रमेश, पप्पू, शहादत खां ने जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रतीक्षालय को तत्काल मरम्मत कर यात्रियों के लिए सुसज्जित किया जाए। साथ ही प्रतीक्षालय को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।