झांसी। थाना कोतवाली इलाके में स्थित 300 साल पुराने गणेश मंदिर से सटकर निर्माण करा रहे एक व्यक्ति ने मंदिर का छज्जा तोड़ दिया। इसकी शिकायत महाराष्ट्रीय गणेश मंदिर के लोगों ने पुलिस से की। मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है।
पानी वाली धर्मशाला के पास स्थित गणेश मंदिर का ऐतिहासिक महत्व है। इस मंदिर में रानी लक्ष्मीबाई की झांसी के राजा गंगाधर राव के साथ शादी हुई थी। मंदिर का रख-रखाव गणेश मंदिर कमेटी और महाराष्ट्रीय समाज द्वारा किया जाता है। शनिवार को मंदिर कमेटी और महाराष्ट्रीय समाज के लोगों ने थाना कोतवाली पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बताया कि मंदिर से सटकर एक व्यक्ति द्वारा मकान का निर्माण कराया जा रहा है। अपने निर्माण के दौरान उसने गणेश मंदिर का पुराना छज्जा गिरा दिया है। जबकि, इससे पहले वह व्यक्ति मंदिर के पुजारी के आवास के रोशनदान भी बंद कर चुका है। शिकायत पर सक्रिय हुई कोतवाली पुलिस ने निर्माण कार्य बंद करा दिया।