झांसी। एक सितंबर से शुरू हुई झांसी-ग्वालियर-भिंड-इटावा एक्सप्रेस में सवार होने वाले यात्रियों को इटावा स्टेशन का टिकट प्राइवेट बुकिंग काउंटरों पर नहीं मिल पा रहा है। दरअसल सर्वर में फीड न होने के कारण यह सुविधा मिलने में परेशानी हो रही है।
झांसी से इटावा के लिए ट्रेन का संचालन एक सितंबर से शुरू हो गया था। इसमें झांसी-ग्वालियर-भिंड-इटावा लिंक एक्सप्रेस का नंबर 11801 व इटावा-भिंड-ग्वालियर-झांसी लिंक एक्सप्रेस का नंबर 11802 है। ये गाड़ी सप्ताह में छह दिन चलती है। शनिवार को यह गाड़ी उपलब्ध नहीं है। इसमें छह जनरल कोच व दो एसएलआर कोच लगाए गए हैं। यह गाड़ी अपना सफर पांच घंटे बीस मिनट में पूरा करती है।
सके संचालन को दो सप्ताह से अधिक का समय बीत चुका है, इसके बाद भी अभी तक इटावा स्टेशन को कंप्यूटर में फीड नहीं किया गया है। इस कारण शहर में खुले प्राइवेट काउंटरों पर इटावा स्टेशन का टिकट नहीं मिल रहा है। रेलवे काउंटर पर भी इटावा स्टेशन के लिए बीपीटी टिकट (किलोमीटर के हिसाब से टिकट बनाना) जारी किया जा रहा है। इस संबंध में पीआरओ गिरीश कंचन ने बताया कि जल्द ही यह समस्या दूर हो जाएगी। मालूम हो कि, झांसी से इटावा स्टेशन की दूरी 220 किलोमीटर है। झांसी से ग्वालियर का 65 रुपये, भिंड का 70 रुपये व इटावा का 80 रुपये किराया है।