झांसी। सीपरी बाजार थानाक्षेत्र के दीनदयाल नगर में मंगलवार तड़के दबंगों ने बुलडोजर से तीन दुकानें जमींदोज कर दीं। मलबे में दबकर दुकानदारों का हजारों का माल नष्ट हो गया। आईजी जोन आशुतोष पांडेय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
दीनदयाल नगर में लखनलाल साहू निवासी तुलसी नगर नैनागढ़ और स्कूल पुरा निवासी यूनुस खान ने करीब 20 वर्ष पूर्व राकेश राय से किराए पर दुकानें ली थीं। लखनलाल की वंदना आटा चक्की थी जबकि यूनुस एवन सोफा फर्नीचर एवं बैग नाम से दुकान चलाते थे। एक वर्ष पूर्व यूनुस की मौत के बाद पत्नी शकीला और बेटा आमिर खान दुकान चलाकर भरण-पोषण करते हैं। दोनों से दुकानें खाली करने के लिए दबंग दबाव बनाने लगे। परिवार के भरण पोषण का एक मात्र सहारा छिनता देख उन्होंने कोर्ट की शरण ली, जहां वाद विचाराधीन है।
मंगलवार तड़के जब लोग गहरी नींद में थे, तब दबंग बुलडोजर लेकर आए और तीनों दुकानों को जमींदोज कर दिया। मलबे में दुकानों का सामान दबकर नष्ट हो गया। लखनलाल साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह अपने पुत्र के साथ दुकान खोलने आया। वहां देखा तो राकेश राय निवासी दीनदयाल नगर अपने पुत्र रिषभ राय व सात-आठ दबंगों के साथ दो बुलडोजर लेकर खड़े थे। आरोपियों ने गाली-गलौज व मारपीट करते हुए धमकी दी। इसके बाद उन्होंने बुलडोजरों से दुकानों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी भाग निकले। पीड़ित परिवारों ने भरण-पोषण का माध्यम छिनने पर एसएसपी से न्याय की फरियाद की है। देर शाम तक कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ितों ने आईजी से शिकायत की, जिस पर उन्होंने आधा घंटे में रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई से अवगत कराने के आदेश दिए, तब कहीं जाकर रात को मामला दर्ज हो सका।