झांसी। सोमवार को भीषण तपिश ने लोगों को खूब झुलसाया। गर्मी के मारे सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया। असल में ऐसा वातावरण सीजन की सबसे कम आर्र्दता (नमी) होने के कारण हुआ। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार आर्द्रता मात्र चार फीसदी होने से धूप में तेजी रही। पश्चिमी हवाएं चलने से रुखापन भी महसूस किया गया। 19 अप्रैल को हल्की बूंदाबांदी होने और आगे तेज हवाएं चलने की संभावना है।
सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। अप्रैल की शुरूआत में पारा 43 डिग्री से अधिक हो चुका है, लेकिन तब नमी अधिक होने के कारण धूप में बहुत अधिक तेजी नहीं महसूस हुई। सोमवार को आर्द्रता सिर्फ चार फीसदी रही। इसके अलावा सूखी हवाओं से धूप और तेज हो गई। क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञानी डॉ. मुकेश चंद ने बताया कि जब-जब नमी कम होती है, धूप की तपिश बढ़ने लगती है। इस हफ्ते अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन हवाएं तेज चल सकती हैं, हल्की आंधी के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना भी बन रही है। बीच-बीच में हल्के बादल भी आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि 17 अप्रैल को नमी का स्तर सात फीसदी था।