झांसी। बुधवार को धूप ने लोगों को राहत तो दी, मगर सर्द हवाओं से लोग ठिठुरते रहे। शाम होते ही ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया, जिससे लोगों को रात कड़ाके की ठंड में गुजारनी पड़ी। जगह- जगह अलाव के इर्दगिर्द लोगों का जमघट लगा रहा।
बुधवार की सुबह बादल छाए रहे। हालांकि, वातावरण में कोहरे का प्रभाव न होने के कारण जल्द ही मौसम साफ नजर आने लगा। सुबह नौ बजे तक धूप भी जमीन पर पड़ने लगी। इसी बीच सूरज का बार- बार बादलों की ओट में आना जाना बना रहा। दोपहर बाद धूप पूरी तरह खिल गई, जिसका लोगों ने खूब आनंद लिया।
लोग चौराहों, गलियों व अपनी छतों पर धूप सेंकते नजर आए। सरकारी कार्यालयों में भी कर्मचारी कुर्सियां बाहर डालकर काम करते रहे। रेलवे स्टेशन पर भी यात्री ढंके प्लेटफार्मों की जगह खुली जगह में बैठे अधिक नजर आए। कुछ ऐसा ही हाल बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थानों का बना रहा।
इस दौरान माहौल में सर्द हवा चलने से लोग गर्म कपड़े पहनने के बाद भी ठिठुरन भरी सर्दी का अहसास करते रहे। शाम चार बजे बाद सूर्यदेव के दर्शन बंद हो गए। सूरज के ढलते ही कड़ाके की सर्दी का अहसास होने लगा। रात में लोगों को गलन का अहसास बना रहा। जगह-जगह अलाव जलते रहे, जिनके आसपास लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं, मौसम साफ रहने से विद्यालय खुले रहे। दस बजे के बाद स्कूल खुलने से बच्चों को भी राहत रही। बुधवार को शहर में न्यूनतम तापमान सात डिग्री व अधिकतम 18 डिग्री दर्ज किया गया।