झांसी। रोडवेज मंडल के उन ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में भी अपनी बसें चलाने की योजना बना रहा है, जहां आवागमन के पर्याप्त साधन नहीं है।
इस संदर्भ में क्षेत्रीय प्रबंधक ने जनता से प्रस्ताव-सुझाव मांगे हैं कि किन-किन क्षेत्रों में रोडवेज की बसों के संचालन की आवश्यकता है।
उल्लेखनीय है कि मंडल के ग्रामीण अंचलों में रोडवेज की बसों की महती आवश्यकता महसूस की जाती रही है। क्योंकि 159 बसों के साथ अपनी सेवाएं दे रही रोडवेज की कई बसें इंटर स्टेट एवं प्रदेश के अन्य जिलों के लिए भी दौड़ती हैं। ऐसे में मंडल के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों व कस्बों से कई बार बसों की संख्या अधिक करने एवं संचालन के लिए रोडवेज से मांग की जाती रही है।
इसी क्रम में ललितपुर में लोहिया बसों के संचालन से मिली सफलता पर रोडवेज ने अब जल्द ही उन क्षेत्रों में अपनी बसों की सेवाएं एवं संख्या बढ़ाने की योजना बनाई है, जहां पर्याप्त आवागमन के साधन नहीं हैं या उन्हें डग्गामार साधनों का इस्तेमाल करने पर मजबूर होना पड़ता है।
इस संदर्भ में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक डीवी सिंह ने बताया कि मंडल के जिन क्षेत्रों में बसों क ी संख्या बढ़ाने अथवा संचालन की आवश्यकता है, वहां से आम जनता व प्रबुद्ध वर्ग अपना प्रस्ताव विभाग को दें। ताकि उनका यह सुझाव-प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा जा सके ।