झांसी। दो साल बाद होने जा रहे झांसी जन महोत्सव की तैयारियां तेजी से जारी हैं। महोत्सव के तहत होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है, जिसमें बुंदेलखंड की लोक संस्कृति के साथ-साथ देश के विभिन्न हिस्सों की लोक कलाओं को एक मंच पर लाने की तैयारी है।
झांसी जन महोत्सव का आगाज 26 दिसंबर को शोभा यात्रा से होगा, जिसमें बुंदेली लोक कलाकार हुनर का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई, झलकारी बाई, आल्हा-ऊदल व राजा मर्दन सिंह के स्वरूप भी शामिल होंगे। 27 दिसंबर को सायंकाल कत्थक नृत्य होगा तथा सूफियाना कलाकार अपनी कला से शाम रंगीन करेंगे। 28 को मुंबई के ओसियन बैंड की प्रस्तुति होगी।
29 दिसंबर को अंतर्राष्ट्रीय कवि सम्मेलन व मुशायरा होगा, जिसमें देश के नामचीन कवियों के साथ-साथ दुबई के शायर भी शिरकत करेंगे। 30 दिसंबर को राजस्थानी नृत्य व कोंच की रामलीला का मंचन होगा। 31 को मणिपुरी नृत्य व वोकल गायन होगा। एक जनवरी की शाम स्कूली बच्चों के नाम रहेगी, जिसमें बच्चों को अपनी कला के प्रदर्शन का मौका मिलेगा।
दो जनवरी को स्टार नाइट होगी, जिसमें कजरारे-कजरारे फेम जावेद अली अपने म्यूजिकल ग्रुप के साथ प्रस्तुति देंगे। जबकि, तीन जनवरी को अंतिम दिवस क्षेत्रीय कवि सम्मेलन व पुरस्कार वितरण होगा। उक्त सभी कार्यक्रम किले की तलहटी में स्थित मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित किए जाएंगे। वहीं, दिन में पं. दीनदयाल सभागार में कला पर्व होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव के मुख्य संयोजक राजीव राय ने बताया कि उक्त कार्यक्रमों के अलावा क्राफ्ट मेला ग्राउंड में मेले का भी आयोजन किया जाएगा। मेला 18 दिसंबर से दो जनवरी तक चलेगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों की हस्तशिल्प की बिक्री होगी। साथ ही मनोरंजन की भी व्यवस्था होगी।