झांसी। कटेरा से बंगरा मार्ग पर कचनेव गांव के पास बीती रात को हुई मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम छोटे कुशवाहा निवासी महोबा बताया है। एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश कई जनपदों में वांछित था। उसके पास से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात बरामद हुए हैं।
बीती रात एसओजी प्रभारी सुरेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम कचनेव पुलिया के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटर साइकिल पर दो युवक आते दिखाई पड़े। पुलिस टीम ने उनको रुकने को कहा लेकिन दोनों युवक मोटर साइकिल मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया। कुछ दूर जाने के बाद अचानक बदमाशों ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। एक गोली मोटर साइकिल चला रहे बदमाश के पांव में लगी। वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने दोनों बदमाशों को मौके से पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में मालूम चला कि घायल बदमाश का नाम छोटू कुशवाहा (40) पुत्र कल्लू कुशवाहा निवासी महोबा है जबकि दूसरा बदमाश मनीष सोनी (28) पुत्र अशोक सोनी निवासी कबरई जिला महोबा है। एसपी सिटी का कहना है कि छोटू के खिलाफ छतरपुर, महोबा, हमीरपुर एवं झांसी में कुल नौ मामले दर्ज हैं। छोटू लूट समेत कई अन्य संगीन मामलों शामिल रहा है। वहीं, मनीष के खिलाफ झांसी, छतरपुर एवं हमीरपुर में छह मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उनके पास से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के जेवरात समेत दो तमंचे एवं कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस टीम में सर्विलांस प्रभारी जितेंद्र सिंह तक्खर, थाना प्रभारी सत्यप्रकाश शर्मा, एसओजी टीम में धारा सिंह, देवेंद्र सिंह, रजत कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।