अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। यूपी सिडको के चेयरमैन वाईपी सिंह ने कहा कि विपक्ष ने पिछले 70 साल में पिछड़ों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा ने ही हर वर्ग के लोगों को आगे बढ़ाया। सबसे ज्यादा पिछड़े वर्ग के लोगों को भाजपा ने ही एमपी, एमएलए के टिकट दिए। वह शनिवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय योजना के तहत कोछाभावर में ट्रांजिट हॉस्टल बन रहा है। दुनारा आश्रम पद्धति विद्यालय में स्कूल का निर्माण हो रहा है। इसका 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जनपद में 10 नवीन विद्यालयों के निर्माण का लक्ष्य है। इसके मुकाबले छह स्कूलों का निर्माण जारी है। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत 20 परियोजनाओं के सापेक्ष 15 का निर्माण पूरा हो चुका है। इन्हें शिक्षा विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है।
समथर में अग्निशमन केंद्र में आवासीय आदि भवनों का निर्माण पूरा कर पुलिस विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार, जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, जिला सह मीडिया प्रभारी सौरभ मिश्रा, यूपी सिडको के सहायक अभियंता सौरभ पिपरिया मौजूद रहे।