अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार सुबह मोंठ के भैंवरा घाट गांव में पिता के सामने उसके इकलौते बेटे राहुल यादव (18) ने करंट की चपेट में आने से दम तोड़ दिया। वह 11वीं का छात्र था। सुबह अपने पिता के साथ खेत में काम कराने गया था। इसी दौरान वह हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। कुछ देर में उसकी मौत हो गई। हादसे से परिवार में रोना-पिटना मचा है।
परिजनों का कहना है सुबह राहुल अपने पिता कमलेश यादव के साथ खेत में काम करने गया था। खेत में धान की रोपाई शुरू होने वाली थी। इस वजह से खेत को साफ-सुथरा किया जा रहा था। वहां से घास एवं खरपतवार हटवाया जा रहा था। खेत के पास से 11केवी की बिजली लाइन पानी की टंकी के लिए गई है।
इस खंभे में करंट आ रहा था। यह बात किसी को मालूम नहीं थी। राहुल साफ-सफाई करते हुए जैसे ही खंभे के पास पहुंचा, खंभा छूने से वह करंट की चपेट में आ गया। यह देख बेटे को बचाने के लिए कमलेश दौड़े। तब तक राहुल अचेत होकर गिर गया था। आसपास के लोगों की मदद से उसे मोंठ स्थित सीएचसी ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
होनहार छात्र था राहुल, बोर्ड में मिले थे 62 फीसदी अंक
राहुल परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से मां-बाप समेत बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि राहुल पढ़ने में भी होशियार था। दसवीं की परीक्षा में उसने 62 फीसदी अंक हासिल किए थे। उससे बड़ी तीन बहनें हैं। बड़ी बहन शिल्पी और ज्योति की शादी हो चुकी। छोटी बहन मोहनी पढ़ती है।