अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लगातार ऊपर की ओर जा रहे पारे के ग्राफ में शनिवार को गिरावट देखने को मिली। अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत रही। हालांकि, दिन में धूप की तपिश बरकरार रही।
फरवरी के अंत से ही तापमान तेजी से बढ़ने लगा था। इसके बाद मार्च में तापमान में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। बुधवार और बृहस्पतिवार को झांसी प्रदेश में सबसे गर्म रहा। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो सामान्य से 6.6 डिग्री अधिक था। गर्मी में बढ़ोतरी की वजह से पंखे अपने रफ्तार पर चलने लगे थे। कई लोगों ने एसी तक का सहारा लेना शुरू कर दिया था, लेकिन शनिवार को राहत रही। 2.4 डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि, न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखने को मिली। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री था, जो शनिवार को बढ़कर 20.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पहाड़ी इलाकों में बर्फवारी की वजह से तापमान में कमी आई है। फिलहाल कुछ दिनों तक मौसम का यही रुख रहने के आसार हैं।