झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई का ऐतिहासिक किला इन दिनों बिजली संकट से जूझ रहा है। बिजली आपूर्ति नहीं होने से टिकट नहीं बन पा रहे हैं। ऐसे में पर्यटकों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
बीते दो दिन पहले महानगर में हुई भारी बरसात के कारण बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई थी। कई जगहों पर बिजली की सप्लाई ठीक हो गई। लेकिन ऐतिहासिक किले में अभी तक बिजली आपूर्ति नहीं हुई। ऐसे में मंगलवार और बुधवार को कई पर्यटकों के टिकट विंडो से नहीं बन सके। हालांकि पुरातत्व विभाग ने इन्वर्टर से वैकल्पिक व्यवस्था की, लेकिन वह ज्यादा देर काम नहीं कर सकी। इससे कुछ ही पर्यटकों के टिकट बन सके। विभाग का कहना है कि बिजली विभाग से कई बार संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई फ ायदा नहीं हुआ। रात में किले में अंधेरा हो जाता हैं। किला प्रभारी अभिषेक कुमार ने बताया कि किले में दो दिन से लाइट नहीं आ रही है। इससे पर्यटकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।