संवाद न्यूज एजेंसी
बलिया। रेलवे स्टेशन पर साबरमती-दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन से दो ट्राॅली बैग से 1.80 करोड़ रुपये बरामद होने के मामले में गिरफ्तार ओमप्रकाश चौधरी निवासी जिला सारण से मंगलवार देर रात तक आयकर विभाग ने जीआरपी थाने में दो घंटे पूछताछ की। इस दौरान आरोपी बार-बार अपना बयान बदलता रहा। कभी ट्रक खरीदने तो कभी जमीन खरीदने के लिए पैसा ले जाने की बात कही, कुछ स्पष्ट जानकारी नहीं दी। जीआरपी ने बुधवार को आरोपी का चालान कर दिया।
मामले की जानकारी के बाद मंगलवार देर रात आयकर उपनिदेशक (जांच) यूनिट-2 वाराणसी के आईटीओ राजेश कुमार के साथ पहुंची तीन सदस्यीय टीम पहुंची। ओमप्रकाश से इतनी बड़ी रकम ले जाने व कहां से मिलने के बारे में घंटों पूछताछ की। ओमप्रकाश चौधरी से पूछताछ से मिली जानकारी पर आयकर विभाग झांसी व छपरा में आगे की जांच कर जानकारी जुटाएगा। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि झांसी में रास बिहार कॉलोनी में किराये का कमर लेकर ट्रांसपोर्ट व जमीन खरीद-फरोख्त का कारोबार करता है। ट्राॅली बैग में सभी नोट पांच-पांच सौ रुपये के ही थे।
हालांकि यह भी आशंका जताई जा रही है कि बिहार में कुछ दिनों बाद विधानसभा चुनाव है। ऐसे में यह पैसा चुनाव के लिए किसी को देने के लिए जा रहा था। पकड़ा गया आरोपी माध्यम रहा होगा। इसको लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। क्षेत्राधिकारी बलिया सविरत्न गौतम ने बताया कि बलिया से होकर बिहार जाने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में आने वाले दिनों में सघन चेकिंग अभियान चलता रहेगा। इसके पहले जीआरपी ने दिसंबर 2024 में 29 लाख, फरवरी में करीब 45 लाख रुपये बरामद किए थे। दोनों मामलों में कहां से धन किसको भेजा जा रहा था, इसका विवरण आयकर विभाग नहीं जुटा सका है।
-
एसी कोच में सफर कर रहा था आरोपी
जीआरपी थानाध्यक्ष विवेकानंद हमराहियों के साथ मंगलवार की सुबह प्लेटफाॅर्म पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान 19165 साबरमती- दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच ए-2 में सीट नं.-44 पर यात्रा कर रहे यात्री की जांच की। वह स्लेटी कलर के दो ट्राॅली बैग लेकर बैठा था। पूछताछ में नाम ओमप्रकाश चौधरी निवासी मरहियां पोस्ट मिरा मुसेहरी मरहिया जिला सारण बिहार बताया। ट्राॅली बैग की जांच के दौरान उसमें 1.80 करोड़ रुपये मिले थे। उसने बताया कि रुपये लेकर झांसी से छपरा जा रहा था। कैश के संबंध में वह कोई कागजात नहीं दिखा सका। न ही कोई संतोष जनक जवाब दे सका।