सीएमएस ने प्रधानाचार्य को सौंपी जांच रिपोर्ट, कुत्तों के नोंचकर खाने से किया इनकार
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने प्रारंभिक जांच में परिसर में नवजात का सिर फेंकने की पुष्टि की है। उसके सिर को कुत्तों के नोंच-नोंचकर खाने की घटना से भी इनकार किया है। सीएमएस ने प्रधानाचार्य को सौंपी रिपोर्ट में इन बातों का जिक्र किया है।
30 सितंबर की शाम मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित प्राइवेट वार्ड के पास नवजात का सिर पड़ा मिला था, जिस पर कुत्तों के नोंच-नोंचकर खाने के निशान थे। मामले की गंभीरता देख कॉलेज प्रधानाचार्य डाॅ. मयंक सिंह ने सीएमएस डॉ. सचिन माहुर को जांच के आदेश दिए। इसके लिए परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। सबसे पहले मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की गई।
शुक्रवार को सीएमएस ने प्रधानाचार्य को जांच रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग और बालरोग विभाग से किसी भी नवजात के लापता होने की पुष्टि नहीं हुई है। नवजात के सिर के आसपास किसी भी जानवर के होने की पुष्टि भी नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि संबंधित अंग शरारती तत्वों ने परिसर में फेंका है।