अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिले की सभी ग्राम पंचायतों से 10 हजार अति निर्धन परिवार चिह्नित किए गए हैं, जिनका जीवन स्तर सुधारा जाएगा। गरीबी मुक्त योजना के तहत इन परिवारों को सभी सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
लोगों का जीवन स्तर सुधारने के लिए सरकार की ओर से गरीबी मुक्त योजना शुरू की गई है। इसके तहत जिले की सभी 496 ग्राम पंचायतों के 10 हजार अति निर्धन परिवार चिह्नित किए गए हैं। इन सभी परिवारों को सूचीबद्ध कर यह सुनिश्चित कर लिया गया है कि उन्हें किस योजना का लाभ मिल रहा है और किस योजना से वे वंचित हैं, इसके बाद जिन योजनाओं से ये परिवार वंचित होंगे, उन्हें उन सभी का लाभ दिलाया जाएगा।
चयनित परिवारों को राशन कार्ड, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य बीमा, श्रम विभाग की योजनाएं, किसान सम्मान निधि, मनरेगा, ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला-बाल विकास एवं पुष्टाहार योजना, कौशल विकास मिशन आदि योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
0000
10 हजार अति निर्धन परिवारों का चयन किया गया है। इन सभी को आवश्यकतानुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। - जुनैद अहमद, मुख्य विकास अधिकारी