झांसी। प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री लक्ष्मीकांत निषाद ने कहा कि प्रदेश के चहुमुखी विकास व जन कल्याण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए प्रयत्नशील है। योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए पारदर्शी नीति अपनाई जा रही है। यह बात उन्होंने मंगलवार को समाजवादी विकास दिवस के मौके पर कही।
पैरा मेडिकल कालेज के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री ने मुख्यमंत्री का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड के कृषकों के लिए मुफ्त सिंचाई योजना लागू की गई है। इसके अलावा कृषक दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि बढ़ाकर पांच लाख रुपये कर दी गई है। सीएम के संदेश में अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया गया। इस दौरान राज्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया, जिसमें लगे स्टॉलों पर लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने कहा कि सपा सरकार ने सभी के सपनों को साकार किया है।
मंडलायुक्त के राम मोहन राव ने कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री का रुख संवेदनशील है। कोई भूखा न रहे, इसके लिए भी व्यवस्था की गई है।
सीडीओ संजय कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ ले सकें।
इस दौरान एमएलसी रमा निरंजन, मऊरानीपुर विधायक डॉ. रश्मी आर्या, सपा जिलाध्यक्ष सुदेश पटेल, सुषमा यादव आदि ने भी विचार प्रकट किए। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव शर्मा ने किया। आभार जिलाधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने जताया।
मेधावियों को मिले लैपटॉप व विद्या धन
झांसी। समाजवादी विकास दिवस के अवसर पर 47 मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप व 25 छात्राओं को कन्या विद्या धन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के 610 लाभार्थियों का सम्मान किया गया। इनमें समाजवादी पेंशन, किसान /वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, विकलांग पेंशन, लोहिया ग्रामीण आवास, कामधेनु डेयरी योजना, कृषक दुर्घटना बीमा योजना आदि के लाभार्थी शामिल रहे।
सांस्कृतिक दलों ने किया सरकार का गुणगान
झांसी। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार - प्रसार किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक दलों ने भी अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने गीतों के माध्यम से प्रदेश सरकार का गुणगान किया। साथ ही योजनाओं पर प्रकाश डाला।
सम्मान न मिलने से सपा महानगर अध्यक्ष नाराज
झांसी। समाजवादी विकास दिवस के कार्यक्रम में सम्मान न मिलने पर समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष चौधरी असलम शेर ने खासी नाराजगी जताई है। वह बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर चले गए थे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर उनके बैठने के लिए कुर्सी तक का इंतजाम नहीं किया गया था। इसकी शिकायत नगर अध्यक्ष ने पार्टी के प्रदेशीय नेतृत्व से की है।
राज्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन
झांसी। समाजवादी विकास दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री लक्ष्मीकांत निषाद को मंगलवार को विभिन्न संगठनों द्वारा ज्ञापन सौंपे गए।
राष्ट्रीय मछुआ समुदाय क्रांति दल के बुंदेलखंड प्रभारी गुलाब सिंह रायकवार ने राज्यमंत्री को दिए ज्ञापन में आंतिया तालाब का पट्टा मछुआ समाज को देने की मांग की। एकलव्य सेना के हीरालाल रायकवार, नरेंद्र प्रजापति व कैलाश नारायण ने खंडेराव गेट पर एकलव्य की मूर्ति लगाने व समाज के गरीबों को बीपीएल कार्ड दिलाने की मांग की।
राज्यमंत्री का स्वागत किया
झांसी। मंगलवार को रायकवार समाज के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री लक्ष्मीकांत निषाद का स्वागत किया गया।
एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने मंत्री को चांदी का मुकुट भेंट किया व गरौठा विधायक दीपनारायण सिंह यादव का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया। इस मौके पर दीपाली रायकवार, मोहनलाल रायकवार, अमित रायकवार, हीरालाल रायकवार, रमेश, कैलाश नारायण, छोटेलाल, यशपाल, जितेंद्र, राजेश, राजू, प्रभा देवी रायकवार, लक्ष्मीनारायण, श्यामलाल रायकवार, अशोक मस्ताना आदि मौजूद रहे। संचालन जिला महासचिव राजेश कश्यप ने किया। आभार घनश्याम कश्यप व भगवान दास रायकवार ने जताया।
आज ब्लाक स्तर पर होंगे कार्यक्रम
झांसी। बुधवार को समाजवादी विकास दिवस के कार्यक्रम ब्लाक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक ब्लाक कार्यालय पर क्षेत्र के विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही एलईडी वैन व सांस्कृतिक दलों द्वारा योजनाओं का प्रचार प्रसार किया जाएगा।