संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येंद्र कुमार बारी मंगलवार को मऊरानीपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, पिछड़ा वर्ग कल्याण योजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहीं जन चौपालों पर प्रकाश डाला।
आयोग के सदस्य ने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक केवल एक वोटर नहीं, बल्कि सरकार के परिवार का एक अभिन्न हिस्सा है। हर नागरिक की पीड़ा सरकार की व्यक्तिगत पीड़ा है। इसी भावना के साथ शासन-प्रशासन के प्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचकर चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुन उनका निस्तारण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि टहरौली तहसील के ग्राम बड़वार में जन चौपाल का सफल आयोजन किया गया, जो आयोग सदस्य के रूप में उनकी 703वीं जन चौपाल थी। इस दौरान उन्होंने आयोग की ओर से पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं की भी जानकारी दी।