संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। भगवान झूलेलाल की जयंती पर पूज्य सिंधी पंचायत भवन शहर में संत समागम महोत्सव का आयोजन हुआ। भगवान की विशेष आरती के बाद पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत के तत्वावधान में बहराणा साहिब की शोभायात्रा निकाली गई। देशभर से आए श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ कोतवाल राजेश पाल ने किया। मिनर्वा चौराहा, रानी महल, सुभाष गंज, बड़ा बाजार, मानिक चौक, सिंधी तिराहा, कोतवाली से होते हुए शोभायात्रा पुन: सिंधी पंचायत भवन पहुंची। शोभायात्रा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वीर शहीद हेमू कलानी, सिंधू सम्राट दाहर सेन, महारानी लक्ष्मीबाई, श्रीराम दरबार और भगवान झूलेलाल की भव्य झांकियां थी। भांगड़ा ढोल, विदेशी कलाकारों का प्रदर्शन, बाहुबली हनुमान, शिव तांडव सहित अन्य धार्मिक व सांस्कृतिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। आंतिया तालाब पर पवित्र ज्योति का विधिवत विसर्जन किया गया एवं विश्व शांति तथा मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
शोभायात्रा के समापन समारोह में मुख्य अतिथि सदर विधायक रवि शर्मा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। पूज्य सेंट्रल सिंधी पंचायत द्वारा लकी ड्रा योजना का ड्रा खोला गया और विजेताओं को उपहार दिए गए। हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष हरीश हासानी ने कहा कि हम सभी को मिलकर अपने धर्म और संस्कृति को सहेजना चाहिए और युवा पीढ़ी को इससे जोड़ना चाहिए।
इस अवसर पर कपिल शर्मा, मूलचंद गंगवानी, दीपक दलवानी, दिनेश कोडवानी, अनिल माखीजा, राम आहूजा, सुरेश कुमार ठारवानी, अशोक जैसवानी आदि मौजूद रही।