संवाद न्यूज एजेंसी
सकरार। नौकरी व शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने युवती की अश्लील फोटो खींचकर उसे ब्लैकमेल भी किया। इतना ही नहीं, जान से मारने के इरादे से जहरीला पदार्थ भी खिलाया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बताया कि आरोपियों ने उसे नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर उसके हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के शैक्षणिक प्रमाणपत्र अपने पास रख लिए। इस दरम्यान उसे बहला-फुसलाकर दो साल तक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर मांग में सिंदूर भरकर भ्रमण फैलाया और अपने मित्र सुरेंद्र विश्वकर्मा की मदद से उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींची। इन तस्वीरों के माध्यम से आरोपी शैलेंद्र पाल और उसके दोस्त सुरेंद्र विश्वकर्मा ने ब्लैकमेल कर उससे मोटी रकम हड़प ली। 24 अप्रैल को आरोपी ने उसे झांसी बस स्टैंड बुलाया। यहां वह उसे ओरछा ले गया। ओरछा में उससे जबरन संबंध बनाए। जान से मारने की नियत से जहरीला पदार्थ पिला दिया। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे निवाड़ी अस्पताल ले गया और मां को बुलाकर भर्ती कराया। इसके बाद झांसी मेडिकल ले गए। यहां उसे फिर धमकाया गया। पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र पाल और सुरेंद्र विश्वकर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अमीराम सिंह ने बताया आरोपियों की गिरफ्तारी के उनकी तलाश की जा रही है।