झांसी। कोतवाली थाना इलाके में एक महिला की शवयात्रा को मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस कार्रवाई की मांग करते हुए रोक लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के बच्चों के बयान दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मंडी रोड निवासी प्रमोद कुशवाहा की पत्नी आरती ने मंगलवार को विषाक्त का सेवन कर लिया था। उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में दाखिल कराया गया था। हालत बिगड़ने पर यहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। परिजन उसका शव लेकर झांसी आए। शुक्रवार को अंतिम संस्कार की तैयारी थी। इसी बीच पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने शव यात्रा रुकवा दी। मृतका के भाई राहुल ने डायल 112 पर सूचना देते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की। इस दौरान हंगामा भी हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चों के बयान दर्ज किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली इंस्पेक्टर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए आपसी विवाद के बाद महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।