झांसी। शाहजहांपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल वाले आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार कराने में जुटे थे। इसी दौरान यहां पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अर्थी से उठाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक महिला की मौत फांसी लगने से हुई। गले पर निशान हैं। हालांकि इस मामले में अभी कोई तहरीर पुलिस के पास नहीं पहुंची है।
झांसी जिले के शाहजहांपुर गांव निवासी मनोज कुमार की पत्नी संध्या दीक्षित (37) की बुधवार सुबह मौत हो गई। संध्या के भाई बरौठा (पूंछ) निवासी उमाशंकर का आरोप है कि सुबह उसके पास मनोज का फोन आया था। मनोज ने बताया कि संध्या की तबीयत खराब है। यह सुनकर वह संध्या की ससुराल पहुंच गया। यहां मनोज उसे डाक्टर के पास चलने की बात कहकर काफी देर तक इधर उधर घुमाता रहा। दोपहर को जब वह उनके घर पहुंचा तब बताया कि संध्या की मौत हो गई। उसने संध्या का चेहरा देखने की कोशिश की लेकिन, ससुराल के लोगों ने रस्म न होने की बात कहकर उसे संध्या का चेहरा दिखाने से मना कर दिया। तब तक ससुराल के लोगों ने संध्या की अर्थी तैयार कर ली थी और अंतिम संस्कार कराने की तैयारी में जुट गए।
उमाशंकर का कहना है कि बहन के साथ कुछ गलत होने की आशंका होने पर उसने सारी बात अपने चचेरे भाई जीतू को बताई। थोड़ी देर में जीतू भी वहां पहुंच गया। उसने जबरदस्ती संध्या का चेहरा देखा तो उसके गले में नीला निशान पड़ा हुआ था। संध्या के शरीर पर भी चोट के निशान थे। उधर, यह देखकर दोनों भाइयों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर शाहजहांपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मायके पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने अर्थी समेत शव को कब्जे में ले लिया और महिला का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें गले में फांसी लगाने के निशान मिले हैं।
पुलिस बोली-संध्या ने आत्महत्या की, ससुराल वालों ने शव उतार लिया था
पुलिस का कहना है कि संध्या ने आत्महत्या की लेकिन, उसके आत्महत्या करने की बात ससुराल वालों ने छुपाई है। फांसी लगाने के बाद उसका शव उतार लिया गया। थाना प्रभारी शाहजहांपुर धर्मेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि पड़ताल में मालूम चला है कि संध्या काफी बीमार रहती थी। उसके भाई एवं बच्चों का कहना है कि इस वजह से वह काफी डिप्रेशन में थी। मायके वालों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।