इंट्रो:- नया साल 2024 जिले में शिक्षा व्यवस्था की तस्वीर बदलेगा। साल 2024 में बेसिक स्कूलों की जहां सूरत बदलेगी। वहीं माध्यमिक विद्यालयों में नई प्रयोगशालाओं में विद्यार्थी प्रयोग करके विज्ञान का ज्ञान बढ़ाएंगे। बुंदेलखंड विवि भी नए साल में उच्च शिक्षा को नए आयाम देगा। यहां बुंदेली विरासत को सहेजने के लिए बुंदेलखंड हैरिटेज आर्ट सेंटर का निर्माण होगा। इसके साथ ही छात्राओं के लिए बन रहे छात्रावास का निर्माण पूरा हो जाएगा। साल 2024 में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए भी काम होगा। इसके तहत जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निर्माण होगा। जहां शिक्षकों को तकनीक के साथ शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। पेश है साल 2024 में शिक्षा व्यवस्था के बदलते स्वरूप को बताती रिपोर्ट...।
-
बीयू में शुरू होगा बुंदेलखंड हेरिटेज आर्ट सेंटर
साल 2024 में बुंदेलखंड विवि में बुंदेलखंड हेरिटेज आर्ट सेंटर शुरू हो जाएगा। यहां बुंदेलखंड की कला, संस्कृति, विरासत आदि के संरक्षण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए बुंदेली संस्कृति से संबंधित पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा पीएचडी (जेआरएफ, एसआरएफ) में सीटों की संख्या बढ़ जाएगी। 200 छात्राओं के लिए नया छात्रावास तैयार हो जाएगा। साथ ही नया प्रशासनिक भवन और कंप्यूटर सेंटर बनेगा। एग्रीकल्चर, लॉ और फार्मेसी विभाग में नई कक्षाएं और प्रयोगशालाएं बनवाई जाएंगीं।
डायट बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
झांसी के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनेगा। 15 करोड की लागत से तैयार हो रहे इस सेंटर में डिजिटल पुस्तकालय, इनफोरमेशन कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी लैब तैयार की जाएगी। जहां शिक्षकों और डीएलएड प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
-
चार इंटर कॉलेजों में बन जाएगीं प्रयोगशालाएं
माध्यमिक शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत चार इंटर कॉलेजों में सात विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण पूरा हो जाएगा। एक करोड़ की लागत से जीजीआईसी रसोई, जीआईसी शाहजहांपुर, जीजीआईसी रानीपुर, जीआईसी रक्सा में प्रयोगशालाओं का निर्माण चल रहा है। इसका 50 फीसदी काम पूरा हो गया है। यहां विद्यार्थी विज्ञान के प्रयोग कर सकेंगे।
आधुनिक भवन में पढ़ाई करेंगी छात्राएं
साल 2024 में महानगर के सूरज प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज को नया भवन मिल जाएगा। झांसी स्मार्ट सिटी के तहत बन रहे आधुनिक भवन का निर्माण करीब-करीब पूरा हो गया है। यहां स्मार्ट क्लास, लैब आदि बनाई गईं हैं। इसके अलावा राजकीय हाईस्कूल लोहागढ़, राजकीय हाईस्कूल इमलिया और राजकीय इंटर कॉलेज साकिन को नए भवन मिल जाएंगे। इसके अलावा कोतवाली स्थित लक्ष्मीबाई पाठशाला की भी नई इमारत तैयार हो जाएगी।
पीएमश्री में चयनित विद्यालय होंगे हाईटेक
जिले के चार माध्यमिक विद्यालय पीएमश्री योजना के तहत चयनित किए गए हैं। हाल ही में जारी निर्देश के बाद विद्यालयों में वार्षिकोत्सव मनाया जा रहा है। नए साल तक विद्यालय हाईटेक हो जाएंगे। इसके अलावा बेसिक शिक्षा परिषद के नौ स्कूलों को भी हाईटेक बनाया जाएगा।
-
बीयू को नैक से ए प्लस ग्रेडिंग मिल गई है। नए साल में ड्यूअल डिग्री प्रोग्राम शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके साथ ही टीचर लर्निंग प्रोग्राम, स्टार्टअप, राेजगार आदि की दिशा में काम किया जाएगा। बुंदेलखंड हेरिटेज आर्ट सेंटर का काम पूरा हो जाएगा। - मुकेश कुमार पांडेय, कुलपति, बीयू।
बेसिक शिक्षा विभाग की कायाकल्प की योजना के काम पूरे हो जाएंगे। परिषदीय स्कूलों में निपुण अभियान के तहत शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ होगी। रानी लक्ष्मीबाई पाठशाला समेत कई स्कूलों का निर्माण पूरा हो जाएगा। पीएमश्री योजना में चयनित विद्यालय हाईटेक बनेंगे। - अरुण कुमार शुक्ल, एडी बेसिक।
राजकीय विद्यालयों में प्रयोगशालाओं का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। जीजीआईसी झांसी नया भवन बनकर तैयार हो जाएगा। कई विद्यालयों के नए भवन भी बन रहे हैं, जो अगले साल तक तैयार हो जाएंगे। - राजेश कुमार सिंह, डीआईओएस।