संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बुंदेलखंड में हर घर नल योजना की हकीकत जानने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ पानी की गुणवत्ता जांचने नल का पानी पिया। साथ ही ग्रामीणों से संवाद कर इसकी हकीकत जानी। लोगों से पूछा भी - क्या ऐसा ही पानी उनको रोजाना मिलता है। कहा कि बुंदेलखंड में अब पेयजल की किल्लत नहीं होगी, घर-घर नल से जल पहुंचाने के वादे को पूरा किया है।
योजना का निरीक्षण करते हुए जलशक्ति मंत्री ने कहा के जनपद के अधिकतर घरों में नल से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है, जो शेष बचे घर हैं, उनमें भी काम तेज गति से पूर्ण किया जा रहा है, जल्द ही वहां भी शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। भ्रमण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक जल संयोजन लगाए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव नमामि गंगे अनुराग श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक जल निगम (ग्रामीण) डॉ.राजशेखर, जिला अध्यक्ष प्रदीप पटेल के अलावा जिलाधिकारी मृदुल चौधरी, सीडीओ जुनैद अहमद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेन्द्र कुमार, मुख्य अभियंता जल निगम राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
बबीना के ग्राम गुआवली की आदिवासी एवं हरिजन बस्ती का किया निरीक्षण
भ्रमण के दौरान उन्होंने बबीना के 5 ग्राम किल्चवारा खुर्द, मानपुर, खजराहा खुर्द, खजराहा बुजुर्ग एवं गुआवली का निरीक्षण किया। ग्रामीणों से संवाद किया तो वह संतुष्ट दिखे। उन्होंने आदिवासी बस्ती एवं हरिजन बस्ती का निरीक्षण किया और घर-घर तक शुद्ध पेयजल की पहुंचने प्रसन्नता व्यक्त की। यहां उन्होंने कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक जल संयोजन एवं विभिन्न योजनाओं से वंचित लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान मिली शिकायतों को दूर करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
जमीन पर बैठकर सुनी समस्याएं
भ्रमण के दौरान जलशक्ति मंत्री ने ग्राम किल्चवारा में भगवती पत्नी वीर सिंह ने पेंशन दिलाए जाने की गुहार लगाई। यहां उन्होंने जमीन पर बैठकर महिला की समस्याओं को सुना और तत्काल ही उन्हें पेंशन दिलाए जाने के निर्देश दिए।