अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पार्षदों और ठेकेदारों के बीच का विवाद बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त के पास पहुंच गया। ठेकेदारों ने कहा कि कुछ पार्षद बिना वजह काम रोक रहे हैं। इसके अलावा पैसे की भी मांग कर रहे हैं। वहीं, एक पार्षद का कहना है कि मंदिर के पास कचरा डालने से मना करने पर ठेकेदार झूठा आरोप लगा रहे हैं।
ठेकेदारों ने दो पार्षदों पर कई आरोप लगाते हुए बुधवार को एसएसपी को ज्ञापन सौंपा था। बृहस्पतिवार को ठेकेदार एसोसिएशन के पदाधिकारी नगर आयुक्त से मिलने पहुंचे। कहा कि लक्ष्मी ताल के पास नाला सफाई का काम एक पार्षद रोक रहा है। साथ ही धमकी भी दे रहा है। जबकि, नगर निगम से ऑनलाइन टेंडर मिलने के बाद उन्होंने काम शुरू किया है। इसके अलावा एक अन्य वार्ड के पार्षद पर रुपये की मांग करने का आरोप लगाया गया। अब पार्षद शुक्रवार को मेयर बिहारी लाल आर्य से भी मिलेंगे। इस दौरान ठेकेदार एसोसिएशन नगर निगम के अध्यक्ष नरेश साहू, उपाध्यक्ष नरेंद्र साहू, महामंत्री पवन शिवहरे, राज पटेल, बालस्वरूप साहू, संजय नारद, मुकेश यादव, पंकज सिरौठिया, संजीव पाठक आदि मौजूद रहे। वहीं, पार्षद राहुल कुशवाहा का कहना है कि नाला सफाई करने के बाद कचरा लक्ष्मी तालाब के पास स्थित मंदिर के पास डाला जा रहा है। इसका उन्होंने विरोध किया तो बेबुनियाद आरोप ठेकेदार लगा रहे हैं। इसके अलावा सफाई के काम में नगर निगम की जेसीबी और डंपर का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसको लेकर उन्होंने नगर आयुक्त को शिकायती पत्र भी सौंपा है।
वर्जन..
ठेकेदारों ने मिलकर अपनी बात रखी है। अगर किसी को काम की गुणवत्ता पर आपत्ति है तो सीधे मुख्य अभियंता से आकर शिकायत करें। कोई भी अनाधिकृत रूप से काम नहीं रोकेगा। - सत्य प्रकाश, नगर आयुक्त।