झांसी। विधान सभा चुनाव के चलते राजनीतिक गलियारों में हलचलें तेज हो गई हैं। शहर के सभी राजनीतिक दल वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए जुटे हुए हैं। कई राजनीतिक पार्टियों की निगाहें मुस्लिम वर्ग के वोटरों पर टिकी हुई हैं। मुस्लिम वोटरों ने कहा कि वह फिजाओं में मुहब्बत का रंग घोलने वाले नेता को वोट देकर विधायक बनाएंगे। हालांकि उलमाओं द्वारा खामोशी अख्तियार की हुई है। 20 फरवरी को झांसी विधानसभा सीट के लिए मतदान होगा। चुनाव में कुल 45 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, इस चुनाव में तकरीबन 75 हजार मुस्लिम मतदाता वोट डालेंगे।
इस बार सभी मुस्लिम मतदाताओं को मतदान करना चाहिए। ऐसे प्रत्याशी को चुनें जो आपसी भेदभाव को दूर कर शहर का विकास और नौजवानों के लिए अहम पहल करे।
मुफ्ती आरिफ
इस दौर में लोगों के दिलों में मुहब्बत सिर्फ नाम को ही रह गई है। कई वर्ग के लोग एक-दूसरे को दुश्मन मानने लगे है। मुहब्बत की पहल करने वाले प्रत्याशी को चुनें।
मौलाना सैफुद्दीन
सभी धर्मों और वर्गों का विकास करने के साथ ही मुस्लिम वर्ग के लोगों के लिए अहम फैसला लेने वाले उम्मीदवार को चुनकर विधायक बनाना चाहिए।
डॉ. एचए हाशमी
वोट देना हम सभी का अधिकार है। सरकार में हिस्सेदारी के लिए मतदान अवश्य करें। इस चुनाव में साफ-सुथरी छवि वाले उम्मीदवार को चुनकर विधायक बनाएं।
मुफ्ती इमरान