झांसी। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर अमर उजाला की ओर से होने वाले आयोजन का सहभागी गायत्री परिवार भी बन गया है। परिवार के सदस्यों की ओर से रानी की जयंती पर 19 नवंबर को दीपांजलि आयोजित की जाएगी। गायत्री शक्ति पीठ के अलावा वे अपने घरों व महानगर के अन्य स्थानों पर दीप जलाएंगे। इसे लेकर सभी उत्साहित हैं। इसके अलावा उनका कहना है कि इस बार रानी की जयंती पर 15 दिनों तक उनके झांसी को जगमग रखा जाएगा। दीपावली पर घरों में डाली जाने वाली झालरें रानी की जयंती के बाद ही उतारी जाएंगी।
रानी का नाम आज भी गौरव का अहसास कराता है। उनकी जयंती पर गायत्री परिवार की ओर से महानगर में कई स्थानों पर दीपांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- संजीव खरे
रानी के जन्मोत्सव को लेकर झांसी का हर वर्ग उत्साहित है। पिछले साल की तरह इस साल भी धूमधाम से जयंती मनाई जाएगी। पंद्रह दिनों तक झांसी जगमग नजर आएगी।
- कुमार वैभव तिवारी
वीरांगना की गौरवगाथा की वजह से झांसी की पूरे देश में अलग पहचान है। रानी की झांसी उनकी जयंती धूमधाम से मनाकर उनके प्रति अगाध श्रद्धा प्रकट करेगी।
- आदित्य श्रीवास्तव
इस बार झांसी अपनी रानी की जयंती अनूठे अंदाज में मनाएगी। 19 नवंबर की शाम पूरा शहर दीपों की रोशनी से झिलमिलाता नजर आएगा। इसे लेकर तैयारियां जारी हैं।
- दीपचंद्र साहू
रानी की जयंती के आयोजन के जरिये भावी पीढ़ी को देश प्रेम की प्रेरणा मिलेगी। जयंती के कार्यक्रम में युवाओं को बच्चों को भी बड़ी संख्या में शामिल किया जाएगा।
- देशबंधु तिवारी
इस बार रानी की जयंती पर झांसी में पूरे पंद्रह दिनों तक रौनक रहेगी। मंदिर, घर और शहर के अन्य स्थानों पर दीपांजलि के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- हरीकृष्ण पुरोहित