अमर उजाला ब्यूरो - फोटो
झांसी। अपने तीन बच्चों को लेकर गुजरात से उन्नाव जा रही मां को चकमा देकर युवक उसके छह साल के बेटे को चोरी कर ले गया था। पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर मासूम को कानपुर देहात के बरौर थाने के निगोही गांव निवासी नितेश कुमार के पास से बरामद कर लिया। बुधवार को एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने मासूम को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।
उधर, आरोपी नितेश ने पूछताछ के दौरान बताया कि पालने के लिए उसने बच्चा चोरी की थी। हालांकि, पुलिस मामले की आगे भी जांच कर रही है। आरोपी युवक के आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है। एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने बताया कि उन्नाव के बदले पुरवा थाना सफीपुर निवासी सुमित्रा अपनी दो बेटी समेत छह साल के बेटे के साथ सफर कर रही थी। झांसी बस अड्डा पहुंचने पर उसका बेटा गुम हो गया। मां काफी देर तलाशती रही। सूचना मिलने पर बच्चे की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई। सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर एक युवक बच्चे को ले जाता दिखा।
सुमित्रा ने बताया कि युवक उसके साथ बस में सवार था। युवक ने सुमित्रा से फोन मांगकर अपने रिश्तेदारी में फोन भी किया था। सर्विलांस पर लगाने में नंबर कानपुर देहात का मिला। सुरागकशी करने पर युवक के पास से बच्चा सकुशल बरामद हो गया। आरोपी नितेश वड़ोदरा में मजदूरी करता है। उसकी अभी शादी नहीं हुई है। मासूम को सकुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम में मंडी चौकी प्रभारी कुलदीप पंवार, नरेंद्र सिंह, शरद कुमार शामिल रहे।
इनसेट
मासूम बोला, अंकल बहुत गंदे हैं, उनको सजा कराना
कई घंटे अपने मां-बाप से दूर रहे छह साल के मासूम ने जैसे ही अपने पिता को देखा, उसका चेहरा खिल उठा। पिता की गोद में जाने के लिए मचल उठा। मीडियाकर्मियों के बीच बच्चे ने बताया कि अंकल बस में पास में बैठकर मोबाइल में कार्टून दिखा रहे थे। मिठाई दिलाने की बात कहकर अपने साथ ले गए लेकिन फिर डांटने लगे। मासूम बोला - अंकल बहुत गंदे हैं। एसएसपी के पूछने पर मासूम बोला - अंकल को सजा कराना। यह सुनकर एसएसपी ने मंडी चौकी प्रभारी से जल्द सजा कराने को कहा। वहीं, इकलौते बेटे के लापता होने से मां सुमित्रा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। मां-बाप दोनों ने ही पिछले 24 घंटे से खाना नहीं खाया। एसएसपी ने जब बेटे को पिता नन्हू को सौंपा, तब उसके चेहरे पर मुस्कान तैर गई। मां-बाप ने बेटे को बरामद करने के लिए पुलिस को धन्यवाद दिया।