झांसी। महानगर में बुधवार को संत सेन महाराज की जयंती पर भारतीय सेन समाज द्वारा शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बड़ागांव गेट स्थित श्री भोला शंकर सेन माते मंदिर से प्रारंभ शोभायात्रा में सेन महाराज एवं ऋषि मुनियों के स्वरूप बग्गियों पर विराजमान थे। महिलाएं मंगल कलश लेकर मंगल गीतों का गायन करती हुईं चल रहीं थीं। ढोल नगाड़ों की धुन पर शोभायात्रा विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई आंतिया तालाब स्थित सेन मंदिर में पहुंची। इस दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
वहीं मंदिर में सेन महाराज का विधिवत अभिषेक एवं श्रृंगार किया गया। तदोपरांत समाज के 101 लोगों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक बृजेंद्र व्यास, शंभू सेन, राम नारायण सेन, राकेश सेन, राम प्रकाश सेन, बृषभान सेन, भोला शंकर सेन, श्री राम सेन, बद्री प्रसाद सेन आदि मौजूद रहे। संचालन राजेंद्र सेन ने किया, जबकि आभार जगदीश प्रसाद सेन ने जताया।
इधर सविता सेन समाज द्वारा शंकर सिंह के बगीचा में सेन महाराज की जयंती उपलक्ष्य में भजन कार्यक्रम हुआ, इसमें हरीशंकर सविता, तुलसीदास सेन ने मनमोहक भजन प्रस्तुत किए। इस अवसर पर गोपी चंद्र, मुन्नू लाल सेन, कमलेश सेन, नंद किशोर सविता आदि मौजूद रहे।
वहीं कांग्रेसियों में अरविंद वशिष्ठ, अनिल रिछारिया आदि ने सिंधी तिराहा पर शोभायात्रा का स्वागत पुष्प वर्षा कर किया। इधर राष्ट्रीय समाज एकता पार्टी के जिला कार्यालय में सुशील सविता की अध्यक्षता में हुई बैठक में समाज की एकता पर वक्ताओं ने बल दिया । इस अवसर पर हेमंत सेन, गीता सेन, सुल्तान सेन आदि मौजूद रहे।