अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बरुआसागर के मिलान मोहल्ला निवासी रामलाल (50) की मौत के बाद पत्नी ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने शव को अर्थी से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मिलान मोहल्ला निवासी रामलाल हलवाई का काम करते थे। परिजनों का कहना है रामलाल शराब पीने के आदी थे। इस वजह से पत्नी शिवाजी नगर में रहती थी। शुक्रवार रात शराब पीने के बाद रामलाल ने खाना खाया और सोने चले गए।आधी रात के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। मेडिकल कॉलेज लाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर बरुआसागर आ गए। शनिवार सुबह उनकी पत्नी पहुंचकर हंगामा करने लगी। उन्होंने पुलिस बुला ली। बरुआसागर थानाध्यक्ष शिवजीत सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को अर्थी से उतरवा दिया। परिजनों के समझाने पर पत्नी भी शांत हो गई। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे लेकिन, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। थानाध्यक्ष शिवजीत सिंह के मुताबिक बीमारी की वजह से मौत की पुष्टि हुई है।