अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार सुबह पूंछ में झांसी-कानपुर रेल मार्ग पर युवक का पांच टुकड़ों में बंटा शव बरामद हुआ। उसकी शिनाख्त पूंछ के मडोरा गांव निवासी राकेश कुमार (35) पुत्र वीरेंद्र सिंह के तौर पर हुई। वह रविवार शाम से घर से लापता था। परिजन ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों से वह मानसिक तौर से परेशान था। इस नाते उसके सुसाइड करने का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया है।
मडोरा निवासी राकेश के पास करीब 3 बीघा जमीन थी। बटिया पर भी आठ बीघा जमीन को लेकर खेती-किसानी करता था। परिजन के मुताबिक, राकेश ने काफी पैसा कर्ज भी लिया था। इसका ब्याज भी चुकाता था। इसे लेकर वह मानसिक तनाव में था। परिजन के मुताबिक, रविवार शाम काम से जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात में लौटकर नहीं आया। परिजन के तलाशने पर भी पता नहीं लगा।
सोमवार सुबह उसका शव गांव से कुछ दूर रेल पटरी पर पड़े होने की सूचना मिली। शव पांच टुकड़ों में बंटा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह शिनाख्त कराई। उसकी मौत की खबर सुनकर परिवार के लोग भी पहुंच गए। पत्नी सुधा समेत परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। थाना प्रभारी जेपी पाल के मुताबिक, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन उसकी आत्महत्या करने की सही वजह नहीं बता सके।