संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। गोलाकुआं के पुरेश्वरी मंदिर के पास स्थित बंद मकान में रविवार को संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक के बहनाेई प्रमोद गुप्ता ने आरोप लगाया कि साले पंकज को शराब पिलाकर कुछ लोगों ने रक्सा स्थित उसके प्लॉट का बैनामा करा लिया था और रुपया भी नहीं दिया। इससे पंकज परेशान था। बहनोई ने हत्या की आशंका जताई है।
कोतवाली थाने के गोलाकुआं मोहल्ले के पंकज गुप्ता (45) की दो बहनों की शादी होने के बाद वह मकान में अकेला रहता था। मोहल्लेवासियों ने बताया कि पंकज शराब का आदी था और कुछ काम धंधा नहीं करता था। दो दिनों से वह घर से नहीं निकला तो पास में रहने वाले चाचा रमेश चंद्र गुप्ता ने इसकी जानकारी कोंच में रहने वाले उसके बहनोई प्रमोद गुप्ता को दी। प्रमोद सूचना पाकर मौके पर पहुंचे व दरवाजा खटखटाया, लेकिन जब मकान के अंदर कोई हलचल नहीं हुई तो इसकी जानकारी डायल 112 पर दी। पुलिस चाचा रमेश के घर के रास्ते पंकज के मकान में दाखिल हुई। देखा कि कमरे में पंकज का शव पड़ा था। वह मौजे आदि पहना था और सिर पर चोट के निशान थे। बहनोई ने हत्या का संदेह जताते हुए बताया कि उसके साले का रक्सा के राजापुर में 10 लाख कीमत का प्लॉट था। कुछ लोगों ने षड्यंत्र कर पंकज से प्लॉट का बैनामा करा लिया और रुपया भी नहीं दे रहे थे। कोतवाली थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह ने बताया कि मृतक शराब का आदी था। उसकी मौत शराब व ठंड लगने के कारण हुई है। परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलती है तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
0000000
मौत से पहले भेजा था बहनोई को वीडियो
पंकज गुप्ता ने मरने से पहले बहनोई को वीडियो भेजा था। उसने बताया था कि रक्सा के एक युवक ने उसे शराब पिलाकर प्लॉट का बैनामा करा लिया और रुपया भी नहीं दिया। बहनोई ने ऐसे दो वीडियो पुलिस को दिए हैं। पुलिस उक्त वीडियो की जांच कर रही है।