झांसी। चुनाव के मद्देनजर डीएम, एसएसपी द्वारा किए गए भ्रमण के दौरान दो चेक पोस्टों पर बैरियर लगे हुए नहीं मिले। इसके अलावा वीडियोग्राफर भी नहीं था। इस पर जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार, एसएसपी शिवहरी मीणा ने चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र का भ्रमण किया। भगवंतपुरा के चेकपोस्ट, बैरियर और ग्वालियर मार्ग बाइपास का निरीक्षण किया। दोनों चेकपोस्टों पर बैरियर लगे नहीं मिले। स्थायी निगरानी टीम (एसएसटी) के पास न तो रजिस्टर मिला, न ही वीडियोग्राफर। एडीएम नमामि गंगे एवं एडीएम न्यायिक, एसपी ग्रामीण को निर्देश दिए गया कि जांच कर शिथिलता बरतने वाले अधिकारी, कर्मचारी का उत्तरदायित्व निर्धारित करके इनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करें। निरीक्षण के दौरान डीएस, एसएसपी ने दोपहिया, चार पहिया और बसों की जांच की। जांच के दौरान एक कार चालक के पास पैसा मिला। डीएम ने पूछताछ की तो चालक ने बताया कि तिलक उत्सव के लिए राशि ले जा रहे हैं। उन्होंने टीम प्रभारी से फोन के जरिए जांच करने के निर्देश दिए। बात सही मिलने पर जानकारी दर्ज कर जाने देने के लिए कहा। इस दौरान एसएसबी प्रभारी डॉ. उदय कुमार राजपूत, हरपाल सिंह मौजूद रहे।