- चढ़ावा चढ़ाने के लिए रिश्तेदारों के साथ जाते समय हुई घटना
मऊरानीपुर। महोबा जिला के खुरट थाना अजनर निवासी हरगोविंद टैक्सी में मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका 35 हजार रुपये से भरो बैग टैक्सी से गिर गया। जब तक टैक्सी रुकती तीन युवक बैग लेकर भाग गए और कुछ देर बाद उसी स्थान पर फेंक कर चले गए। इसमें रखे रुपये गायब मिलने पर व्यक्ति ने लहचूरा थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया।
पीड़ित ने तहरीर में बताया कि वह दिल्ली में मजदूरी करता है। बुधवार सुबह वह दिल्ली से अपने परिवार व रिश्तेदार आशीष, राजा बाई, सुरेश के साथ मऊरानीपुर के गरौठा चौराहे पर आए। यहां से वह चढ़ावा चढ़ाने के लिए लहचूरा थाना क्षेत्र के ग्राम सोनकपुरा स्थित मंदिर के लिए निकल पड़े। लहचूरा पुलिया के पास उसका बैग टैक्सी से नीचे गिर गया। जैसे ही आपे को रोका तभी पीछे से आ रहे तीन युवकों ने बैग को उठाया और भाग गए। थोड़ी देर बाद वे युवक वापिस आए और जहां से बैग उठाया था वहीं बैग फेंककर चले गए। बैग को देखा तो उसमें रखे पैंतीस हजार रुपये गायब मिले।
घटना की सूचना लहचूरा पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। लहचूरा थाना अध्यक्ष सरिता मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है।