अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रेल पटरी पार करते समय सीपरी बाजार निवासी पंचू वंशकार (29) की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है युवक कान में ईयर फोन लगाए था। उसका जीजा उसे बचाने को दौड़े मगर तब तक देर हो चुकी थी। उसकी मौत से दोनों बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
आईटीआई कॉलेज के पास रहने वाला पंचू प्राइवेट काम करता था। मंगलवार को परिवार के लोगों के साथ कुंज बिहारी मंदिर के पास ऑफिस में आयुष्मान कार्ड बनवाने गया था। उसका जीजा मुन्ना और पड़ोस की दो महिलाएं भी साथ थीं। परिजन का कहना था कि काम होने के बाद सभी पैदल घर लौट रहे थे। आगे चल रही दोनों महिलाओं ने रेल पटरी पार कर ली। जीजा मुन्ना सबसे पीछे चल रहा था। पंचू जैसे ही रेलवे लाइन पर पहुंचा, उसी दौरान ट्रेन आ गई। पंचू ने कान पर ईयर फोन लगा रखा था। यह देख मुन्ना चिल्लाते हुए भागा। मगर कान में लीड लगी होने से पंचू सुन नहीं सका। जीजा के सामने ही ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर आ गए। पंचू की शादी हो चुकी थी, लेकिन पत्नी करीब तीन साल पहले छोड़कर जा चुकी है। वह अपने दोनों छोटे बच्चों का लालन-पालन करता था। उसकी मौत की खबर से उसके मां-बाप का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।