झांसी। जिले का पहला संवाद कक्ष शनिवार को नवाबाद थाने में शुरू हो गया है। इसमें फरियादियों की शिकायतें कैमरे की नजर में दारोगा सुनेंगे। हर बात को रिकार्ड किया जाएगा ताकि शिकायत के अनुरूप ही कार्रवाई की जा सके।
संवाद कक्ष का शुभारंभ करते हुए एसएसपी मनोज तिवारी ने कहा कि अब फरियाद लेकर थाने आने वालों को भटकना नहीं पड़ेगा। उन्हें सीधे थाने के संवाद कक्ष में जाना होगा, जहां तैनात दारोगा उनकी पीड़ा सुनेगा। पीड़ित की हर बात सीसीटीवी कैमरे में कैद की जाएगी ताकि घटना के अनुसार ही पुलिस कानूनी कार्रवाई करे।
उन्होंने बताया कि लगातार फरियादी शिकायत कर रहे हैं कि थानों पर सुनवाई नहीं हो रही है। घटना की रिपोर्ट पुलिस काटछांट करके अपने हिसाब से दर्ज कर रही है। इस शिकायतों पर अंकुश लगाने के लिए शहर के थानों पर संवाद रूम चालू किए जा रहे हैं। थाना नवाबाद में यह रूप चालू हो गया है अब जल्द ही कोतवाली में इसको चालू किया जाएगा।
संवाद केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, इनमें चौबीसों घंटे रिकार्डिंग होगी। संवाद रूम में फरियादियों के बैठने की प्रोपर व्यवस्था है। पेयजल, कागज, पेन आदि का भी बंदोबस्त रहेगा। संवाद केंद्र पर तैनात दारोगा की जिम्मेदारी होगी कि थाने पर आने वाले हर फरियादी को कमरे में बैठाकर ससम्मान बातचीत करें। उसकी पूरी बात को सुना जाए और फिर तहरीर लिखवाकर मुकदमा दर्ज करवाए।
उन्होंने बताया कि संवाद रूम के सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग बतौर सबूत थानों पर रखी जाएगी, ताकि कोई फरियादी शिकायत करता है, तो रिकार्डिंग के आधार पर समुचित कार्रवाई की जा सके। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित थानेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर एसपी सिटी गरिमा सिंह, एसपी देहात दिनेश सिंह, सीओ सिटी कल्याण सिंह और कई थानों के प्रभारी, शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।