शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) में करीब 91 फीसदी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पहली पाली की परीक्षा में 7408 और दूसरी पाली की परीक्षा में 2382 परीक्षार्थी बैठे। झांसी में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए थे।
परीक्षा नोडल अपर जिलाधिकारी रमाशंकर गुप्ता ने बताया कि नकलविहीन परीक्षा आयोजित कराने के लिए 15 सहायक पर्यवेक्षक अथवा स्टैटिक मजिस्ट्रेट हर परीक्षा केंद्र पर तैनात रहे।
साथ ही पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट अथवा सचल दल प्रभारी तैनात किए गए। हर तीन केंद्रों पर लगातार भ्रमण करते हुए नकल विहीन परीक्षा कराने में सफल हुए। एडीएम ने बताया कि 10 से 12:30 बजे तक चली पहली पाली में 8117 अभ्यर्थी पंजीकृत थे लेकिन 7408 उपस्थिति रहे। दोपहर 2:30 से 5 बजे तक चली दूसरी पाली में पंजीकृत 2620 अभ्यर्थियों में 2382 उपस्थित रहे। सभी 15 केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
पेपर काफी अच्छा आया। न्यायालय संबंधित ज्यादा प्रश्न आए। कठिन भी थे लेकिन सॉल्व कर लिए। मनोविज्ञान के भी कई प्रश्न आए। - साइमा खान, निवासी सैयरगेट
पिछली बार के मुकाबले इस बार प्रश्नपत्र थोड़ा कठिन आया। सवालों को हल करने में ज्यादा समय लगा लेकिन अधिकांश हल हो गए। - रामपाल, निवासी मऊरानीपुर