आर्मी से सेवानिवृत्त लायंस नायक के इकलौते बेटे की सीपरी बाजार स्थित आवास विकास कॉलोनी के पास सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सीपरी बाजार पुलिस के मुताबिक, जर्मन हॉस्पिटल के पास रहने वाले राजेश कौशिक आर्मी से लायंस नायक पद से सेवानिवृत्त हैं। उनका इकलौता बेटा आकाश कौशिक (27) होर्डिंग लगाने का काम करता था। बुधवार रात रात आकाश अपने साथी सीपरी बाजार निवासी हर्षित रायकवार के साथ शहर में होर्डिंग लगाने को निकला था। पहुंच नदी के पास होर्डिंग लगाकर तीनों गुरुवार को टैंपो से चित्रा चौराहा पर आ रहे थे। उनके आगे एक ट्रक चल रहा था।
जैसे ही वह आवास विकास कॉलोनी के पास पहुंचे आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इससे टैंपो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गया। हादसे में आकाश की मौत हो गई, जबकि कैलाश और हर्षित मामूली चोट आई हैं। हादसे के बाद तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां पर आकाश को मृत घोषित कर दिया।