झांसी। बेसिक शिक्षा विभाग में नव नियुक्त शिक्षकों को विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बृहस्पतिवार को 166 शिक्षिकाओं इनमें एक दिव्यांग महिला शिक्षिका के साथ ही आठ दिव्यांग पुरुष शिक्षकों को विद्यालय ऑनलाइन आवंटित किए गए। अधिकांश को बबीना और बड़ागांव के स्कूल प्राप्त हुए। ऐसे में नव नियुक्त शिक्षिकाओं और उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी की चमक अलग ही नजर आ रही थी।
नगर शिक्षाधिकारी कार्यालय परिसर में विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया के अंतर्गत प्रोजेक्टर पर निदेशालय द्वारा प्रेरणा पोर्टल पर विद्यालयों को दर्शाया गया। अधिकांश शिक्षिकाओं ने नगर क्षेत्र से सटे बबीना और बड़ागांव के ही स्कूलों को पसंद किया। पसंदीदा विद्यालय लॉक करने के बाद विद्यालय में नियुक्ति की मौके पर पर्ची दे दी गई। विभागीय जानकारी के अनुसार बबीना व बड़ागांव के बाद मऊरानीपुर ब्लाक के स्कूल कुछ शिक्षिकाओं ने पसंद किए। जबकि बामौर में दो से तीन शिक्षिकाएं ही गईं।
कुछ इसी प्रकार का हाल गुरसराय, चिरगांव व बंगरा का भी रहा। विद्यालय आवंटन प्रक्रिया अवसर पर बीएसए हरिवंश कुमार, जिला विकास अधिकारी उग्रसेन यादव, डायट प्राचार्य मुकेश रायजादा सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इधर, बीएसए ने बताया कि पुरुष नव नियुक्त शिक्षकों को विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया महानिदेशालय स्तर से होगी। अब 30 अक्तूबर के स्थान पर 31 अक्तूबर को पुरुष शिक्षकों को विद्यालय आवंटन की पर्ची कार्यालय से दी जाएगी।