इंडियन कान्वेंट स्कूल में कार्यरत शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिक्षिका के पास से मिले सुसाइड नोट में स्कूल के प्रबंधक और एक अन्य शिक्षिका पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। स्कूल प्रबंधक को हिरासत में ले लिया है।
सिविल लाइन निवासी बृजमोहन राय लोक निर्माण विभाग में मेट के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पुत्री हिमानी राय (21) घर के पास ही स्थित इंडियन कान्वेंट स्कूल में तीन साल से पढ़ा रही थी। मंगलवार को वह सुबह आठ बजे स्कूल गई थी। दोपहर सवा एक बजे सूचना आई कि हिमानी स्कूल में बेहोश हो गई और उसे उपचार के लिए एक नर्सिंग होम में ले जाया गया है। परिजन अस्पताल पहुंच गए। यहां से उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। बुधवार की सुबह नौ बजे शिक्षिका की मौत हो गई। शिक्षिका के बैग में मिले सुसाइड नोट में उसने स्कूल के प्रबंधक राकेश अग्रवाल और एक अन्य शिक्षिका मधु पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस पर नवाबाद थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शिक्षिका की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम के बाद उसका बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है।
यह बताई उत्पीड़न की वजह
हिमानी स्कूल के बच्चों को घर में ट्यूशन पढ़ाती थी। तीन महीने पहले ट्यूशन पढ़ने वाले बच्चों के पास वह प्रश्न मिले, जो छमाही परीक्षा में आने वाले थे। इस पर स्कूल में शिक्षिका से पूछताछ की गई थी। शिक्षिका ने इसके लिए अपनी गलती भी स्वीकार कर ली थी। इसका जिक्र उसने सुसाइड नोट में भी किया है। नोट में शिक्षिका ने लिखा कि गलती स्वीकारने के बाद भी उसको परेशान किया जाता रहा, जिससे आजिज आकर वह आत्महत्या कर रही है।
मेधावी थी हिमानी
हिमानी की दो बड़ी, एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है। हिमानी बीएससी करने के बाद से स्कूल में पढ़ाने लगी थी। इसके अलावा घर में भी वह ट्यूशन पढ़ाती थी। हिमानी के पिता बृजमोहन राय ने बताया कि वह शुरू से ही पढ़ाई में होशियार थी। स्कूल के बाद वह घर में काफी बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थी। इसके साथ ही वह खुद भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
पिता के लिए खरीदी थी बाइक
हिमानी के पिता बृजमोहन के पास एक पुराना स्कूटर था, जो आए दिन खराब हो जाता था। पिता को परेशान होता देख हिमानी ने अपने पैसों से बीस दिन पहले ही उन्हें नई बाइक खरीदकर दी थी। हिमानी के पिता ने बताया कि उनकी बाइक लेने की इच्छा नहीं थी, परंतु हिमानी ने जिद कर अपने जोड़े हुए पैसों से बाइक दिलाई थी। इससे वह बहुत खुश थी।
नहीं हुआ कोई उत्पीड़न: स्कूल प्रबंधक
स्कूल के प्रबंधक राकेश अग्रवाल ने बताया कि हिमानी का किसी तरह से उत्पीड़न नहीं किया गया। वह सोमवार को दिल्ली गए थे और बुधवार की सुबह लौटे। बीती रात उन्हें बताया गया कि हिमानी को स्कूल में चक्कर आ गया, जिससे वह बरामदे में गिर पड़ी। गिरने से उसे चोटें आईं हैं। उत्पीड़न का आरोप गलत है। मामले की जांच में वह पुलिस का पूरा सहयोग करने को तैयार हैं।
हालात कर रहे हैं और ही इशारा
झांसी। हिमानी की मौत के बाद भले ही उसका छोड़ा हुआ सुसाइट नोट मिला हो, जिसके आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा भी दर्ज किया है, परंतु हालात कुछ और भी बयान कर रहे हैं।
हिमानी के दाएं पैर में फ्रैक्चर पाया गया है। इसके अलावा बाएं हाथ में पंजे के पास भी फ्रैक्चर है। चार से सात पसलियां भी टूटी पाई गईं हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि हिमानी के हाथ के नाखूनों में खून भी मिला है। आमतौर पर शरीर में यह चोटें तभी आती हैं, जब वह ऊंचाई से गिरा हो या किसी दुर्घटना का शिकार हुआ हो। इसके अलावा नाखूनों में मिला खून इस बात की ओर भी इशारा कर रहा है कि हिमानी ने मौत से पहले भरसक अपना बचाव किया। हालांकि, मौत का कारण क्या है, यह भी अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन, एहतियातन पोस्टमार्टम के दौरान महिला डाक्टर से भी उसकी जांच कराई गई। इसके अलावा स्लाइड भी तैयार की गई है, जिससे आगे की जांच में आसानी होगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट होगा
‘सुसाइड नोट और परिजनों के आरोपों के आधार पर स्कूल के प्रबंधक राकेश अग्रवाल व शिक्षिका मधु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। इसके बाद जांच आगे बढ़ाई जाएगी।’
- दिनेश कुमार सिंह, एसपी सिटी