झांसी। मऊरानीपुर में बुधवार सुबह पढ़ाने के लिए विद्यालय जा रहे निजी स्कूल के शिक्षक मनोज कुमार वर्मा (38) को स्यावरी गांव के पास तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी पहुंच गए।
नाजुक हाल में परिजन उनको लेकर मेडिकल अस्पताल पहुंचे, यहां कुछ देर बाद ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग निकला। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस वाहन चालक को तलाशने में जुटी है।
मऊरानीपुर के गुरसराय रोड स्थित पावर हाउस के पास रहने वाले मनोज स्यावरी गांव के एक निजी स्कूल में शिक्षक थे। बुधवार सुबह वह रोजाना की तरह बाइक से स्कूल जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कोटरा नहर और शीतला माता मंदिर के बीच पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
सिर में आई गहरी चोट
टक्कर लगने पर मनोज सिर के बल सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर में गहरी चोट आ गई। हादसे की सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। अचेत हाल में राहगीरों ने उनको सीएचसी पहुंचा दिया था। यहां भी हालत न सुधरने पर डॉक्टरों ने मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, उनकी मौत से पत्नी समेत बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में बेटी अंजली एवं बेटा त्रिलोक है। पिता धनीराम कुछ साल पहले यूपी पुलिस में सिपाही पद से रिटायर्ड हुए थे। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो जाने से मौत हुई। वाहन की तलाश की जा रही है।