मंगलवार की रात कोतवाली क्षेत्र के वैष्णवपुरम् कॉलोनी, कदम्ब का बाग में अपने प्लॉट पर सोने के लिए गई शिक्षक की मां की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला के सिर पर चोट के भी निशान मिले हैं। तय नहीं हो पाया कि किन कारणों के चलते वृद्धा की हत्या की गई है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।
कोतवाली थाना क्षेत्र के वैष्णवपुरम् कालोनी में किराए के मकान पर रहने वाले हेमंत वर्मा ललितपुर के तालबेहट स्थित एक सरकारी विद्यालय में तैनात हैं। उन्होंने कॉलोनी में ही एक प्लॉट खरीदा है। पिछले तीन माह से वहां निर्माण कार्य चल रहा है। घर बनवाने की जिम्मेदारी उनकी मां रामरती वर्मा (63) ने उठा रखी थी।
हेमंत के मुताबिक निर्माणाधीन घर के सामने पड़ी भवन सामग्री की देखरेख को ईट घेरकर एक छोटा कमरा बनाया गया था। वहां मां सोती थीं। मंगलवार को रात में घर में खाना खाकर मां वहां सोने चली गईं। बुधवार सुबह काफी देर तक वह चाय पीने घर नहीं आई। इस पर वह मां को देखने प्लाट पर पहुंचे। वहां रामरति औंधे मुंह पड़ी हुई थीं।
उनके मुंह एवं नाक से खून बह रहा था। सिर पर भी जख्म के निशान थे। कान में पहने टाप्स एवं गले में पड़ा हार वहीं बिखरा पड़ा था। यह देख उसने शोर मचाया। मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी डॉग स्क्वाएड एवं फोरेंसिक टीम के संग घटना स्थल पर पहुंच गई। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के कुछ लोगों को पकड़ा है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।