झांसी। कोरोना काल में ट्रेनों की संख्या बढ़ते ही अब रेलवे बोर्ड जल्द ही टिकट चेकिंग स्टाफ को हैंड हेल्ड मशीन देने जा रहा है। इससे आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर अंतिम आरक्षण चार्ट बनने के बाद भी खाली बर्थों की जानकारी करना आसान हो जाएगी। अभी शताब्दी एक्सप्रेस के कर्मचारियों को मशीनें उपलब्ध करा दी गईं हैं।
अभी होता यह है कि अगर कोई यात्री आरक्षण चार्ट बनने के बाद टिकट कैंसल कराता है या उसकी ट्रेन छूट जाती है तो उस सीट के खाली हो जाने की जानकारी सिर्फ टिकट चेकिंग स्टाफ को होती है। ऐसे में टिकट चेकिंग स्टाफ के ऊपर निर्भर करता है कि वह किसको प्राथमिकता पर सीट देता है। ऐसे में कई ऐसे यात्री जिनका वेटिंग टिकट कंफर्म हो सकता है, वह इस सुविधा का लाभ लेने से वंचित हो जाते हैं। कोरोना काल से पहले रेलवे ने टिकट चेकिंग स्टाफ को हैंड हेल्ड टर्मिनल मशीन उपलब्ध कराने जा रहा था, लेकिन ट्रेनों का संचालन बंद होने से यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी। मगर जल्द ही अब सभी टिकट चेकिंग कर्मियों को यह मशीनें उपलब्ध कराईं जाएंगी। चेकिंग स्टाफ को इस मशीन में खाली सीटों को तुरंत अपडेट करना होगा। ऐसे में अगर किसी यात्री का वेटिंग टिकट कंफर्म होता है तो उसके मोबाइल पर मेसेज पहुंच जाएगा। साथ ही, यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर भी पूरा चार्ट देख सकते हैं।
- ट्रेन में खाली सीटों के आवंटन में पारदर्शिता लाने के लिए यह कदम उठाया गया है। अभी शताब्दी एक्सप्रेस का टिकट चेकिंग स्टाफ यह मशीनें लेकर चल रहा है। मंडल के पास अभी 12 मशीनें हैं।
मनोज कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी।
अभी इस तरह देख सकते हैं चार्ट
- आईआरसीटीसी वेबसाइट में लॉगइन करें, जिसमें चार्ट्स/ वैकेंसी देखने का एक नया विकल्प नजर आएगा। जैसे ही आप उस पर क्लिक करेंगे। एक नया वेब पेज खुलेगा। इसमें आपको यात्रा का विवरण, ट्रेन नंबर, यात्रा की तिथि तथा बोर्डिंग स्टेशन देने की जरूरत होगी। ये सारे विवरण डालने के बाद गेट ट्रेन चार्ट ऑप्शन पर क्लिक करें। अब आप आरक्षण चार्ट देख सकते हैं।