झांसी। थाना प्रेमनगर के बिजौली स्थित एक मैरिज गार्डन से टप्पेबाजों ने दुल्हन की मां का गहनों एवं नकदी से भरा बैग पार कर दिया। बैग गायब होने से शादी के रंग में भंग पड़ गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने पहुंचकर वहां लगे सीसीटीवी फुटेज आदि खंगाले। इसमें दो संदिग्ध युवक सफेद रंग की कार से जाते हुए दिखाई पड़े। पुलिस फुटेज के आधार पर पड़ताल में जुटी है।
पेशे से अधिवक्ता राम राजीव यादव की बेटी का शुक्रवार को बिजौली स्थित गंगा पैलेस में विवाह था। बरात आने के बाद स्टेज पर वर-वधू को आशीर्वाद देने के लिए लोगों का आना-जाना लगा था। राम राजीव के मुताबिक उनकी पत्नी सुषमा के पास करीब ढाई लाख रुपये कीमत के गहने समेत डेढ़ लाख रुपये नकद एवं व्यवहार में मिले लिफाफे वाला बैग था। रिश्तेदारों की आवाजाही के बीच सुषमा ने कुछ देर के लिए बैग नीचे उतारकर कुर्सी पर रख दिया। कुछ देर बाद जब उन्होंने पलटकर देखा तब बैग नदारद मिला। यह देख सुषमा के होश उड़ गए। उन्होंने आसपास तलाश की लेकिन, बैग कहीं नहीं मिला। बैग गायब होने की सूचना पुलिस को दे दी गई। थोड़ी देर में प्रेमनगर इंस्पेक्टर जेपी पाल भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने वहां लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। इसमें दो संदिग्ध युवक दिखाई पड़े। फुटेज में युवक गेस्ट हाउस से कुछ समान लेकर बाहर जाते दिखाई पड़े। इसके बाद सफेद रंग की कार से वह निकल गए। पुलिस नंबर प्लेट के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है हालांकि इंस्पेक्टर का कहना है कि अभी तक भुक्तभोगी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।