झांसी। बिग बॉस विजेता सिद्धार्थ शुक्ला के ह्रदय गति रुकने की खबर ने सभी को चौंका दिया है। अमर उजाला ने जब ह्रदय रोग विशेषज्ञ से बात की तो उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति को हार्ट अटैक होने के कई कारण हो सकते हैं। बुजुर्ग ही नहीं अब तो 40 से कम उम्र वालों को भी दिल का दौरा काफी पड़ रहा है।
हार्ट स्पेशिलिस्ट डॉ. निर्देश जैन ने बताया कि तनाव, मोटापा, हाइपरटेंशन से युवाओं को हार्ट अटैक का खतरा ज्यादा है। जो लोग तंबाकू, सिगरेट ज्यादा पीते हैं, वो भी इसकी चपेट में आ जाते हैं। साथ ही जिनके परिवार में पिता या भाई की 55 साल से कम और मां या बहन की 65 साल से कम उम्र में हार्ट अटैक से मौत हुई हो, उनमें इसका रिस्क फैक्टर ज्यादा रहता है। ड्रग्स लेने या गांजा का अधिक मात्रा में सेवन करने से भी ह्रदय गति रुक सकती है। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक डायबिटीज, ब्लड प्रेशर की बीमारी होने से भी दिल का दौड़ पड़ जाता है। पिछले छह महीने में वो 40 से कम उम्र वाले 100 से ज्यादा युवाओं की एंजियोप्लास्टी कर चुके हैं।
...तो कराते रहें जांच
डॉ. निर्देश ने बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव बहुत ज्यादा रहता है। ऐसे में 20 साल से अधिक उम्र के लोगों को कोलेस्ट्रॉल की जांच करानी चाहिए। यदि रिपोर्ट सामान्य आती है तो फिर चार से छह साल में एक बार फिर टेस्ट कराना चाहिए। वहीं, जिनका बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है, वो हर साल एक बार जांच कराएं। यदि बैड कोलेस्ट्रॉल बढ़ने वालों की उम्र 30 साल से ज्यादा है तो टीएमटी जांच भी कराएं।
ये रखें ध्यान
- नमक, चीनी ज्यादा न लें।
- जंक फूड का सेवन न करें।
- आधा घंटे व्यायाम जरूर करें।
- धूम्रपान, तंबाकू का सेवन न करें।
- बीपी, डायबिटीज नियंत्रण में रखें।